Skip links
राजीव जैन CA

राजीव जैन CA भारत मंडपम में सुनाएंगे महावीर निर्वाण कथा

15 नवंबर को भारत मंडपम में राजीव जैन CA सुनाएंगे ‘महावीर निर्वाण कथा’, जीवंत होगा निर्वाणकालीन पावापुरी

नई दिल्ली। भगवान महावीर के जीवन-दर्शन और उनके अहिंसा, अनेकांत एवं आत्मकल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 15 नवंबर 2026 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में ‘महावीर निर्वाण कथा – मेरे महावीर 3.1’ का आयोजन किया जा रहा है। भगवान महावीर देशना फाउंडेशन के तत्वावधान में होने वाली इस संगीतमय कथा को राजीव जैन CA प्रस्तुत करेंगे।

इस बार महावीर कथा का केंद्र भगवान महावीर के जीवन का अंतिम कालखंड और पावापुरी होगा। संगीत, पात्रों और विशेष दृश्य संयोजन के माध्यम से उस समय के पावापुरी को जीवंत करने का प्रयास किया जाएगा, जहां भगवान महावीर ने अपना अंतिम चातुर्मास किया, अंतिम देशना दी और कार्तिक अमावस्या की रात्रि निर्वाण को प्राप्त हुए।

कथा का समापन एक भव्य दीपोत्सव प्रस्तुति के साथ होगा, जो इस भाव को अभिव्यक्त करेगी कि महावीर का निर्वाण किसी प्रकाश का अंत नहीं, बल्कि ज्ञान-ज्योति के अनंत विस्तार का आरंभ है। जैन आगम परंपरा के अनुसार भगवान महावीर का शासन उनके निर्वाण के बाद भी 21,000 वर्षों तक रहेगा। कथा में इस प्रसंग को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।

इससे पहले 5 अप्रैल 2026 को भगवान महावीर के जन्म कल्याणक के अवसर पर भारत मंडपम में ‘महावीर कथा – मेरे महावीर 3.0’ का आयोजन किया गया था। उसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए अब निर्वाण कल्याणक पर ‘महावीर निर्वाण कथा’ प्रस्तुत की जा रही है। कथा में भगवान महावीर की जीवन-यात्रा के प्रमुख प्रसंगों के साथ उनके अंतिम चातुर्मास, अंतिम समवसरण और देशना, निर्वाण तथा गौतम स्वामी के केवलज्ञान तक के प्रसंग शामिल होंगे।

पावापुरी के तत्कालीन राजा हस्तिपाल की भूमिका मनोज जैन (निगम पार्षद) तथा कुंडग्राम के राजा नंदीवर्धन की भूमिका सुधीर जैन निभाएंगे। पात्रों, संगीत और दृश्य संयोजन के जरिए इन प्रसंगों को इस तरह प्रस्तुत करने की तैयारी है कि दर्शक केवल कथा सुनें नहीं, बल्कि उस समय और वातावरण को महसूस भी कर सकें।

राजीव जैन CA कथा-वाचन करेंगे, जबकि अभीषा जैन सूत्रधार के साथ इस प्रोजेक्ट की क्रिएटिव डायरेक्टर हैं। प्रदीप जैन संगीत और गायन के जरिए कथा के अलग-अलग प्रसंगों को संगीतमय रूप देंगे।

इस प्रस्तुति की निर्माता बीना जैन, संस्थापक BRJ Production, हैं। ‘महावीर निर्वाण कथा’ के लिए वर्षु जैन और मणिभद्र जैन सह-निर्माता के रूप में जुड़े हैं। BRJ Production की टीम कथा, संगीत और दृश्य प्रस्तुति को एक साथ जोड़कर पूरे कार्यक्रम को तैयार कर रही है।

राजीव जैन CA

कथा में भगवान महावीर के अहिंसा, अनेकांत, अपरिग्रह, करुणा, आत्मसंयम और आत्मबोध के सिद्धांतों को आज के समय से जोड़ने का भी प्रयास होगा। आयोजन का उद्देश्य इन सिद्धांतों को विश्व शांति, मानव कल्याण और स्व-कल्याण के संदेश के रूप में सामने लाना है।

भगवान महावीर देशना फाउंडेशन की ओर से सुभाष ओसवाल जैन, सत्य भूषण जैन एवं अनिल कुमार जैन ‘सीए’ ने बताया कि आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। कार्यक्रम को भव्य स्वरूप देने में Paraflex Cables, Amore Moments, SS Equipment, Lotus Stationery, Nitara Jewellery और Easy Credits का विशेष सहयोग एवं सहभागिता मिल रही है।

फाउंडेशन के रीजनल डायरेक्टर्स मनीष जैन, क्रिस्टी जैन एवं शुभम जैन भी अपनी टीम और सहयोगियों के साथ तैयारियों में जुटे हैं। कार्यक्रम के संपूर्ण संयोजन एवं आयोजन व्यवस्थाओं का दायित्व मनोज जैन (डायरेक्टर) एवं वर्षु जैन (रीजनल डायरेक्टर), भगवान महावीर देशना फाउंडेशन (BMDF) अपनी ऑर्गनाइजिंग टीम के साथ संभालेंगे।

आयोजन के अन्य सहभागी अरुण आर. डी. जैन, मनोज जैन, श्री अशोक जैन, विपुल जैन, नविता जैन CA, श्रुति जैन, अशोक जाजवान एवं गौरव ओसवाल भी कार्यक्रम को भव्य एवं सफल स्वरूप देने मे लगे हुए हैं । आयोजकों का कहना है कि कोशिश यही है कि 15 नवंबर को भारत मंडपम आने वाला दर्शक केवल ‘महावीर निर्वाण कथा’ सुनकर न लौटे, बल्कि उस पावापुरी को महसूस करे और भगवान महावीर के दिव्य संदेशों व मूल्यों को अपने जीवन में स्थापित करे।

Explore
Drag